✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
जिला पंचायत में उद्यम पंजीकरण हेतु एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
कटनी – मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित उद्यमों के पंजीकरण को बढ़ावा देने हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में गुरूवार को जिला पंचायत सभागार में एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम किया गया।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में विभिन्न प्रकार की आजीविका गतिविधियो से जुड़े स्व-सहायता समूह सदस्य के उद्यमों को पंजीकरण से जोड़ना तथा उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम में जिले के विकासखंडों से विकासखंड प्रबंधक एवं उद्यम सखियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में जिला व्यापार एवं उदयोग केन्द्र के सहायक प्रबंधक राजेश पटेल ने आधार (उद्यम) पंजीयन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऑनलाइन पंजीकरण के लाभ एवं इससे संबंधित शासकीय सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।इस प्रशिक्षण मे स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित लघु उद्यमों के लिए व्यवसाय कार्ययोजना तैयार करने के व्यावहारिक चरणों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक शबाना बेगम ने कहा कि उद्योग आधार पंजीयन और व्यवसाय कार्ययोजना बनाने के बाद बैंक से ऋण, बाजार उपलब्धता और सरकारी योजनाओं से जुड़ने में अत्यधिक सुविधा होगी। आत्मनिर्भर एवं समर्थ समूह ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जायेगे ताकि जिले के प्रत्येक स्व-सहायता समूह को उद्यमिता कौशल से सशक्त किया जा सके। जबकि आजीविका मिशन जिला प्रबंधक सीमा सिंह ने प्रतिभागियों को बाजार विश्लेषण, लागत आकलन, पूँजी प्रबंधन, विपणन रणनीति एवं उद्यम विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्मुखीकरण कार्यक्रम के दौरान कई उद्यम सखियों एवं विकासखंड प्रबंधकों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि समूहों द्वारा संचालित दुग्ध उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, सिलाई-कढ़ाई, अगरबत्ती निर्माण, खाद-बीज उत्पादन, मसाला निर्माण जैसे कई उद्यमों को औद्योगिक पहचान मिलने से समूहों को बड़े स्तर पर काम करने का अवसर मिलेगा।
कार्यशाला में जीत साहू सहायक प्रबंधक, संतोष कुमार सहायक प्रोग्राम मैनेजर आईटीसी, अजय पाण्डेय, सूर्यप्रताप सिंह बघेल, देवेन्द्र जैन, कैलाश वर्मा, विवेक द्विवेदी विकासखण्ड प्रबंधक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।।