फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक शातिर अभियुक्त को अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार दिनांक 17 दिसंबर 2025 को थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस टीम द्वारा गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर रामपुर रोड हाईवे से एएनए रोड की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर अभियुक्त राशिद खां उर्फ नन्हे पुत्र इसराइल खां, निवासी ग्राम धन्तिया, थाना फतेहगंज पश्चिमी, जनपद बरेली, उम्र लगभग 32 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर तथा दो अदद जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए।
इस संबंध में थाना फतेहगंज पश्चिमी पर आयुध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गई है। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त आपराधिक प्रवृत्ति का है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक अशोक कुमार, उप निरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार एवं कांस्टेबल लेखपाल सागर शामिल रहे। अभियुक्त को नियमानुसार समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली