दुद्धी सोनभद्र। बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के विरोधी प्रदर्शन के बाद विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निमियाडीह स्थित देवी धाम और कब्रिस्तान पर जमीनी विवाद के संबंध में उपजिलाधिकारी से भेंट की। कार्यालय में प्रकरण रखते हुए उन्होंने जांच कर शीघ्र समाधान की मांग की।
हिंदू पक्ष का कहना है कि देवी धाम की भूमि पर पहले लगे टीन शेड बारिश में गिर गए थे। अब दुबारा टीन शेड लगाने पर मुस्लिम समुदाय के लोग रोकटोक कर रहे हैं, जिससे विवाद उत्पन्न हो गया है। पहले ही प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे देवी धाम पर पूजा-अर्चना में बाधा आ रही है।
उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने आश्वासन दिया कि प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने हिंदू पक्ष को लेखपाल से संपर्क कर जमीन का सत्यापन कराने की सलाह दी तथा विवाद के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह विवाद लंबे समय से चल रहा है । विहिप पदाधिकारियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर धार्मिक स्थल पर पूजा निर्बाध रूप से संचालित करने की मांग दोहराई।
मौके पर विहिप प्रांत सह समरसता प्रमुख राजेश सिंह, बजरंग दल प्रांत सह संयोजक संदीप गुप्ता , दुद्धी प्रखंड से जिला सह संयोजक आलोक जायसवाल ,नगर प्रखंड अध्यक्ष संदीप गुप्ता,शशिकांत दुबे ,प्रखंड संयोजक सोनू जायसवाल शनि कश्यप आदि उपस्थित रहे।
सोनभद्र, दुद्धी तहसील रिपोर्टर, विवेक सिंह