उरई(जालौन):
अटल जन्म शताब्दी समारोह में प्रतिभाशाली छात्राओं का सम्मान:
कविता व विचारों से गूंजा सभागार:
भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मी बाई सभागार में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जनपद स्तरीय भाषण, एकल काव्य पाठ एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन व जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा विजेता छात्राओं को चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की रचनाओं का भावपूर्ण काव्य पाठ प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहना के साथ सुना। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का व्यक्तित्व राजनीति, साहित्य और राष्ट्रसेवा का अद्भुत संगम था। उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कविताएं नई पीढ़ी को राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि अटल जी का जीवन अनुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन का प्रतीक रहा है, जिससे आज का युवा प्रेरणा ले सकता है।माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि अटल जी की कविताएं आज भी युवाओं में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का संचार करती हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रसिद्ध कविता “आओ फिर से दिया जलाएं” का सस्वर पाठ करते हुए कहा कि यह कविता निराशा के अंधकार में आशा और आत्मबल का संदेश देती है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजन विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को निखारने के साथ-साथ उन्हें संस्कारवान नागरिक बनाने में सहायक होते हैं। जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में पलक जादौन ने प्रथम, उत्कर्ष श्रीवास्तव ने द्वितीय तथा दीक्षा कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में शैलजा राज प्रथम, कुमकुम विश्वकर्मा द्वितीय एवं अरबिया तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में नंदिनी ने प्रथम, राधा तिवारी ने द्वितीय तथा रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को निर्धारित पुरस्कार राशि प्रदान की गई । कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचार, कृतित्व और साहित्य आज भी देश को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं तथा युवाओं को उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, विधान परिषद सदस्य शिक्षक की प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, दयानंद वैदिक कॉलेज के प्राचार्य राजेश चंद्र पांडेय सहित संबंधित अधिकारी जन प्रतिनिधि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश