दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय तहसील परिसर में चल रहे धार्मिक आयोजन के तहत मंगलवार की रात्रि राजा हरिश्चंद्र की लीला का भव्य मंचन किया गया। वृंदावन की रासबिहारी कलाकार मंडली द्वारा प्रस्तुत इस मार्मिक लीला ने श्रद्धालुओं को भाव-विह्वल कर दिया।
लीला में राजा हरिश्चंद्र की अटूट सत्यनिष्ठा, वचनबद्धता और आदर्श राजधर्म का ऐसा सजीव चित्रण किया गया कि दर्शक कई बार भावुक हो उठे। कलाकारों ने संवाद, भाव-भंगिमा और सुमधुर संगीत के माध्यम से यह संदेश दिया कि विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।
मंचन के दौरान कथा व्यास ने राजा हरिश्चंद्र के जीवन प्रसंगों के माध्यम से धर्म, त्याग, सहनशीलता और ईश्वर पर अटूट विश्वास की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजा हरिश्चंद्र की कथा आज भी समाज को सत्य और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
रासलीला के दौरान रासलीला कमेटी द्वारा दुद्धी की विभिन्न सामाजिक, सेवा एवं पूजा समितियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित समितियों में जय बजरंग अखाड़ा समिति, विश्व हिंदू परिषद–बजरंगदल,समस्त दुर्गापूजा समिति आदि शामिल रहीं। सम्मान पाकर समितियों के पदाधिकारियों में उत्साह और गर्व की अनुभूति दिखाई दी।
इसी क्रम में जय मां काली समिति व समस्त दुर्गापूजा समितियों द्वारा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण भी किया गया।
रासलीला में कमेटी अध्यक्ष अनिल कुमार, रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, भाजपा मंडल दुद्धी अध्यक्ष दीपक शाह, आलोक जायसवाल, पूर्व महामंत्री आलोक अग्रहरि, संदीप गुप्ता,मनीष जायसवाल ,पुनीत एडवोकेट, शनि कश्यप, विकास अग्रहरि, आदित्य जायसवाल, राकेश कुमार ,विवेक सिंह सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)