सहारनपुर महानगर सहारनपुर को प्रदेश का पहला रैबीज़ फ्री सिटी बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल शुरू हो गई है। राष्ट्रीय रेबीज़ नियंत्रण कार्यक्रम के तहत महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि ने वार्ड 40 से एंटी रेबीज़ वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कुत्तों को एंटी रेबीज़ इंजेक्शन लगाकर पांच विशेष टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सभी 70 वार्डों को 300 दिनों में कवर किया जाएगा, जिसमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और धार्मिक स्थलों को प्राथमिकता दी जाएगी। नगरायुक्त शिपू गिरि ने बताया कि अब तक 24 हजार कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है और वैक्सीनेशन के साथ बूस्टर डोज भी दिए जाएंगे।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा के अनुसार अनुमानित 40 हजार कुत्तों को वैक्सीनेट कर सहारनपुर को 2030 से पहले रैबीज़ मुक्त बनाने का लक्ष्य है। यह अभियान मानव-पशु संघर्ष कम करने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगा। अविनाश कुमार
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़