कटनी जिले: की विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम बराडी में कैमोर–झुकेही मुख्य मार्ग पर रेलवे द्वारा निर्मित अंडरब्रिज स्थानीय लोगों के लिए राहत के बजाय आफत बनता जा रहा है। यह अंडरब्रिज रेल फाटक के कारण होने वाली जाम और समय की बर्बादी से बचाने के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन निर्माण की खामियों के चलते यह अब दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में अंडरब्रिज के भीतर भारी मात्रा में पानी भर जाता है, जिससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को सड़क पार करने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो लोगों को जान जोखिम में डालकर पानी से भरे अंडरब्रिज को पार करना पड़ता है।
इतना ही नहीं, अंडरब्रिज में आवश्यकता से अधिक ढलान होने के कारण वाहनों के ब्रेक फेल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा ब्रिज के भीतर बना लगभग 90 डिग्री का तीखा मोड़ आने-जाने वाले वाहनों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। मोड़ के कारण सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर रेलवे अधिकारियों को कई बार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष आश्चर्य तिवारी द्वारा भी पूर्व में रेलवे जोन के अधिकारियों को इस विषय में जानकारी दी गई थी, इसके बावजूद रेलवे की ओर से न तो कोई जवाब आया और न ही सुधार के प्रयास किए गए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और रेलवे से मांग की है कि अंडरब्रिज की तकनीकी खामियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए, उचित जल निकासी की व्यवस्था की जाए और मोड़ व ढलान को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट