दुद्धी सोनभद्र। न्यायालय से लंबे समय से फरार सात वारंटी अभियुक्तों को दुद्धी पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) व क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में चले इस अभियान ने अपराधियों में दहशत पैदा कर दी है।
बता दे कि थाना दुद्धी पुलिस ने आज सोमवार को प्रातः करीब 6:30 बजे विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अभियुक्तों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। ये सभी सिविल जज (जूनियर डिवीजन) जेएमएफसी सोनभद्र के विभिन्न मुकदमों के वारंटी थे। इनके खिलाफ भादंसं की धारा 323, 504, 506, 279, 337, 338 और आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मझौली गांव के सूरज कुमार पुत्र विजय कुमार व विजय पुत्र शोभनाथ
, वार्ड नंबर 3 निवासी सुरेन्द्र पुत्र काशी , मल्देवा गांव के पिंकू उर्फ आनंद भारती पुत्र बैली प्रसाद, बघाडू गांव के ईशा पुत्र रहमुद्दीन व जलालुद्दीन पुत्र रहीमुद्दीन और भिसूर गांव के संतोष शर्मा पुत्र राजेन्द्र शर्मा शामिल है ।
पुलिस ने सभी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया।
इस अभियान में उपनिरीक्षक बंकेश सिंह, हेड कांस्टेबल हरिकेश राम (चौकी प्रभारी ), उपनिरीक्षक जयशंकर राय (चौकी प्रभारी अमवार) व उपनिरीक्षक श्यामजी यादव की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि दुद्धी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बने और जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़े।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)