रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
पोरसा,,,,,,,,,,वाईपास रोड से बायपास तक चला नगर पालिका–प्रशासन का संयुक्त अभियान,,,,,,
नगर पालिका पोरसा एवं पुलिस प्रशासन द्वारा शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को पोरसा शहर के जोटई रोड क्षेत्र में नालों के ऊपर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सुबह करीब 10 बजे से शुरू होकर दोपहर तक चली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबाह रोड से जोटई रोड बायपास तक नाले के ऊपर लगभग आधा सैकड़ा से अधिक लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर लिया गया था, जिससे जल निकासी बाधित हो रही थी और बरसात के समय जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही थी। लंबे समय से मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई में दो जेसीबी, एक लोडर एवं चार ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाई गईं। भारी पुलिस बल एवं नगर पालिका कर्मचारियों की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को तोड़कर नालों को मुक्त कराया गया।
इस संयुक्त अभियान में तहसीलदार नवीन भारद्वाज, पोरसा थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, नगर पालिका सीएमओ अवधेश सिंह सेंगर, पटवारी सातेश सिंह तोमर, उपयंत्री संजय वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक संतोष सिंह तोमर सहित नगर पालिका के लगभग आधा सैकड़ा कर्मचारी एवं पुलिस विभाग के एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। साथ ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि वे स्वेच्छा से अवैध कब्जा हटाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगरवासियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटने से जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और शहर की स्वच्छता व यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।