मोहन टोला तिराहे पर 15 दिनों से खड़ी खराब क्रेन बनी दुर्घटना का कारण, प्रशासन मौन
विजयराघवगढ़–कैमोर मुख्य मार्ग पर स्थित मोहन टोला तिराहे में बीते लगभग 15 दिनों से तकनीकी खराबी के चलते खड़ी एक भारी क्रेन राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई है। सड़क पर खड़ी इस क्रेन के कारण जहां यातायात लगातार प्रभावित हो रहा है, वहीं किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका भी बनी हुई है।मोहन टोला तिराहा विजयराघवगढ़–कैमोर का मुख्य मार्ग होने के साथ-साथ कई गांवों को विजयराघवगढ़ से जोड़ने वाला प्रमुख चौराहा है। ऐसे व्यस्त मार्ग पर लंबे समय से खराब अवस्था में खड़ी क्रेन से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह क्रेन पिछले 15 दिनों से इसी स्थान पर खड़ी है। रात के समय बिजली न होने के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे कई बार दोपहिया वाहन चालक क्रेन से टकराते-टकराते बचे हैं, वहीं कुछ मामलों में हल्की दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह क्रेन महाराष्ट्र के किसी ठेकेदार की बताई जा रही है, जिसका वाहन क्रमांक MH 01 EJ 9266 है। इसके बावजूद न तो ठेकेदार द्वारा अब तक क्रेन को हटाने की पहल की गई है और न ही प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर आ रही है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस क्रेन को हटवाया जाए या कम से कम चेतावनी संकेत व सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को होने से रोका जा सके
कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट।