उरई(जालौन):
जनपद में सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का हुआ वाचन:
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं उपस्थित रहकर कार्यक्रम का किया निरीक्षण:
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आज 18 जनवरी 2025 को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आलेख्य मतदाता सूची को पढ़कर सुनाने का कार्यक्रम सफलतापूर्वक सुनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को अपने नाम, विवरण एवं त्रुटियों के सुधार के लिए जागरूक करना रहा। मतदेय स्थलों पर बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 (नया पंजीकरण), फॉर्म-7 (नाम विलोपन) एवं फॉर्म-8 (संशोधन) उपलब्ध रहे, जिससे नागरिकों को मौके पर ही आवेदन करने की सुविधा प्राप्त हुई। कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी एवं समीक्षा हेतु सभी ईआरओ/एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी निरंतर भ्रमण शील रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय स्वयं उपस्थित रहकर उपायुक्त उद्योग कार्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज, टाउन हॉल, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय नया पटेल नगर उरई, छत्रसाल इंटर कॉलेज तथा जालौन बालिका इंटर कॉलेज जालौन सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन किया गया, जिसे सुनने हेतु बड़ी संख्या में नागरिकगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से समय रहते सुधार कराएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में कोई मतदाता वंचित न रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश