फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों से की गई बेरहमी भरी पिटाई में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ हालत में पीड़ित किसी तरह थाने पहुँचा, जहाँ उसकी शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला अंसारी निवासी मोहम्मद फहीम पुत्र सुलात हुसैन के अनुसार, वह बुधवार रात करीब 9 बजे बाजार से लौट रहा था। जैसे ही वह वार्ड नंबर 9 में शकील के घर के पास पहुँचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
पीड़ित का आरोप है कि शकील पुत्र नन्हे, शिफान पुत्र अनवर, मुनाजिर पुत्र चांद और चांद पुत्र नन्हे ने पहले उसके साथ जमकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी उग्र हो गए और अपने घरों से लाठी-डंडे निकाल लाए। इसके बाद फहीम पर ताबड़तोड़ वार किए गए।
लाठी-डंडों की बारिश से फहीम सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। उसे अधमरा करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद खून से लथपथ फहीम ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और सीधे थाने पहुँचा, जहाँ उसने पूरी घटना की लिखित तहरीर दी। पुलिस ने घायल को तुरंत चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
इस वारदात के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे दबंगों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली