रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
पोरसा शासकीय प्राथमिक विद्यालय खड़िया पोरसा में सम्मान समारोह, नम हुईं आंखें, गूंजे तालियां शासकीय प्राथमिक विद्यालय ग्राम खड़िया, पोरसा मे रविवार का दिन भावनाओं से भरा रहा, जब विद्यालय के वरिष्ठ व सेवाव्रती शिक्षक श्री सिंगवीर सिंह तोमर के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिकों की भारी मौजूदगी ने समारोह को यादगार बना दिया।
विदाई समारोह के मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह तोमर, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पोरसा रहे। विशेष रूप से , हरगोविंद सिंह तोमर (प्राचार्य रेपुरा), पातीराम सिंह लोधी जिला अध्यक्ष लोधी समाज मुरैना ,रूप सिंह तोमर, मुनेंद्र सिंह, राजेश कुशवाहा, भूपेंद्र सिंह तोमर, धर्म सिंह तोमर सहित शिक्षा विभाग के अनेक कर्मचारी व गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे। कार्यक्रम में करीब दो सौ से अधिक लोगों ने सहभागिता कर श्री सिंग वीर सिंह तोमर को सम्मानपूर्वक विदाई दी।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक श्री सिंगवीर सिंह तोमर को श्रीफल, शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि श्री तोमर न केवल एक अनुशासित शिक्षक रहे, बल्कि उन्होंने अपने व्यवहार, समर्पण और संस्कारों से विद्यार्थियों के जीवन को दिशा दी।
बताया गया कि श्री तोमर ने वर्ष 1988 में बदरवास से अपनी शासकीय सेवा की शुरुआत की, इसके पश्चात उन्होंने पोरसा ब्लॉक में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देकर शिक्षा के क्षेत्र में अमिट योगदान दिया।
सम्मान के जवाब में श्री तोमर ने भावुक स्वर में कहा—
“मुझे आप सभी से जो प्यार, स्नेह और सम्मान मिला है, उसे मैं जीवन भर कभी नहीं भूल सकता। यह मेरे लिए सबसे बड़ी पूंजी है।”
उनके शब्द सुनकर समारोह स्थल पर मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम का कुशल और सधे हुए शब्दों में संचालन हरिओम गुप्ता द्वारा किया गया। अंत में उपस्थितजनों ने श्री तोमर के स्वस्थ, सुखद और सम्मानित भविष्य की कामना की। सेवा, समर्पण और संस्कारों की यह विदाई—खड़िया विद्यालय के इतिहास में लंबे समय तक याद रखी जाएगी।