दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
जिले से सटे लोढ़ी टोल प्लाजा पर एक फरवरी को महिला वकील व उनके साथियों से मारपीट के विरोध में दुद्धी बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन के वकीलों ने सोमवार को एनएच-39 हाईवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। कचहरी परिसर से निकले सैकड़ों वकीलों का जुलूस तालाब रोड होकर तहसील तिराहे पर पहुंचा। वहां टोल कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
दोपहर तीन बजे हाईवे जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों ने तहसील से गुजर रहेq उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निखिल यादव का वाहन रोका। इसके बाद एसडीएम स्वयं प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। वकीलों ने एसडीएम को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में टोल कर्मियों पर मनमानी टैक्स वसूली और लूटपाट का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा टोल प्लाजा बंद करने की मांग की गई। इसमें यह भी कहा गया कि 50 किलोमीटर से कम दूरी पर दो टोल होना कानूनन गलत है, इसे तुरंत बंद कराया जाए।
दुद्धी बार अध्यक्ष प्रेमचंद यादव और सिविल बार अध्यक्ष प्रभु सिंह ने घटना की कड़ी निंदा की। एसडीएम निखिल यादव ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और जाम खुल गया। वकीलों ने चेतावनी दी कि त्वरित कार्रवाई न हुई तो आंदोलन और तेज होगा। दुद्धी बार संघ के सचिव राकेश कुमार मद्धेशिया ने कहा कि राबर्ट्सगंज के महिला अधिवक्ता अन्य लोगों से मारपीट के मामले में संयुक्त बार संघ ने सोनभद्र बार के समर्थन में पत्र भेज कर अपनी सहमति जताई।
प्रदर्शन में कुलभूषण पांडेय, रमेश कुशवाहा, राकेश कुमार मद्धेशिया, नागेंद्र श्रीवास्तव, रविंद्र यादव, विष्णु कांत तिवारी, छोटेलाल, रामजी पांडे, राकेश श्रीवास्तव, प्रेमचंद गुप्ता, आशीष गुप्ता और राकेश अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे।