सहारनपुर
नगर निगम कार्यकारिणी की बजट बैठक में आज शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में वरिष्ठ पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने तिब्बती मार्केट के छोटे व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जिन व्यापारियों को 62 फुटा रोड पर शिफ्ट किया गया है, वहां व्यापार करना व्यावहारिक नहीं है। अतः नगर निगम द्वारा राकेश टॉकीज परिसर में निर्मित 100 दुकानों को उचित एवं न्यायसंगत किराया दर पर इन व्यापारियों को आवंटित किया जाए, ताकि उनका रोजगार सुचारू रूप से चल सके और उनके परिवारों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
जलकल अनुभाग द्वारा पंप ऑपरेटरों के स्थान पर निजी कंपनी को टेंडर देने के प्रस्ताव का पार्षद टिंकू अरोड़ा ने कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि जिस कार्य को नगर निगम 3.5 करोड़ रुपये में करवा रहा है, उसी कार्य को 8 करोड़ रुपये में निजी कंपनी को देना निगम को भारी वित्तीय हानि पहुंचाएगा। साथ ही इससे लगभग 250 स्थानीय युवाओं का रोजगार समाप्त हो जाएगा। उन्होंने इस मद को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
पार्षद टिंकू अरोड़ा ने प्रत्येक वार्ड में सफाई कर्मचारियों की समुचित नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने सर्दियों में सफाई कर्मचारियों को गर्म कपड़े तथा वर्षा ऋतु में बरसाती उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा, जिसे बैठक में पारित किया गया।
उन्होंने पथशिला संबंधी शासनादेश के अनुपालन की मांग करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में आने वाले सभी जनप्रतिनिधियों के नाम शासनादेश के अनुसार ही अंकित किए जाएं, इसमें किसी भी प्रकार की राजनीति न हो।
जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं पर बोलते हुए पार्षद टिंकू अरोड़ा ने कहा कि पिछले 7–8 महीनों से आम नागरिकों को अनावश्यक आपत्तियों के कारण प्रमाण पत्र बनाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस प्रक्रिया का तत्काल निस्तारण एवं सरलीकरण करने की मांग की।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने निगम निधि से प्रस्तावित पथ प्रकाश विस्तार कार्य में वर्ष 2025–26 के दौरान किए गए व्यय की सूची धनराशि सहित उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही नजारत विभाग के अंतर्गत नगर निगम भवन अनुरक्षण एवं साज-सज्जा से संबंधित वर्ष 2025–26 की निविदाओं की जानकारी—कितनी निविदाएं, किन-किन फर्मों को कार्य दिया गया तथा कितनी धनराशि व्यय हुई—सूची सहित उपलब्ध कराने को कहा।
अंत में पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम में होने वाले किसी भी कार्य में सहारनपुर की जनता की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। यदि किसी भी अधिकारी द्वारा नगर के किसी भी नागरिक के साथ अन्याय किया गया, तो उसके विरुद्ध सदन के माध्यम से कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़