दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
स्थानीय थाना क्षेत्र के झारोखुर्द गांव के खुर्शीटोला निवासी भुनेश्वर कुमार की पत्नी यशोदा देवी (26) मंगलवार सुबह कुकर ब्लास्ट की चपेट में आ गईं। घर में दाल बनाते समय चूल्हे पर रखे कुकर के फटने से उनकी आंखें समेत पूरा शरीर झुलस गया।
पति भुनेश्वर ने बताया कि सुबह पौने सात बजे ड्यूटी पर जाने के लिए पत्नी टिफिन तैयार कर रही थीं। चूल्हे पर दाल उबालते हुए दो सिटी बजने के बाद पत्नी चूल्हे के पास बैठकर तीसरी सिटी का इंतजार कर रही थीं, तभी कुकर फट गया। भुनेश्वर पास ही खड़े थे, उनके पैर पर भी दाल के कुछ अंश गिरे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। उन्होंने घर के अन्दर खेल रहे बच्चों को घटना से पूर्व बाहर खेलने के लिए भेज दिया था,जिससे बच्चे सुरक्षित रहे । हादसे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
102 एम्बुलेंस के ईएमटी पंकज और चालक अजीत कुमार ने घायल यशोदा को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह के नेतृत्व में उनका इलाज जारी है।फ़िलहाल यशोदा देवी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है ।