सहारनपुर । जनपद सहारनपुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त एक्शन जारी है। थाना बडगांव पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सहित दो शातिर गौकशों को गिरफ्तार किया है।
जब पुलिस टीम बेलड़ा क्षेत्र में संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी देवबंद की ओर से मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। रोकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश शकील पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी शाहरुख कॉम्बिंग के दौरान नहर पटरी शिमलाना मार्ग से पकड़ा गया।
घायल शकील पर पहले से गोवध अधिनियम के मामलों में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा, एक अवैध चाकू और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। फिलहाल घायल बदमाश का इलाज जारी है और पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़