वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान श्री विश्वेश्वर के दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं का मंदिर प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत किया गया।
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. विश्वभूषण मिश्र ने स्वयं उपस्थित होकर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। जैसे ही भक्तों पर फूल बरसाए गए, पूरा धाम “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। इस भावपूर्ण स्वागत से श्रद्धालु अभिभूत नजर आए और उन्होंने इसे अविस्मरणीय क्षण बताया।
धाम में फलाहार वितरण की विशेष व्यवस्था महाशिवरात्रि व्रत को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए फलाहार वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई। दर्शन के बाद भक्तों को प्रसाद स्वरूप फलाहार प्रदान किया गया, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर प्रशासन द्वारा की गई इस व्यवस्था ने न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान की, बल्कि उनके मन में धाम के प्रति श्रद्धा और विश्वास को भी और सुदृढ़ किया। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर काशी में भक्ति, सेवा और समर्पण का अनुपम दृश्य देखने को मिला।।