दमकोरा रोड स्थित ऋग्वेदा इंटरनेशनल स्कूल, टोहाना में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रोजेक्ट वीक के अंतर्गत भव्य प्रोजेक्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन विद्यालय परिसर में उत्साह और ऊर्जा का विशेष माहौल देखने को मिला। इस प्रोजेक्ट प्रदर्शनी के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में बी.ई.ओ. जगदीश चंद्र जी उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में रिटायर्ड बी.ई.ओ. रघुवीर नैन जी तथा विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यगण सुनील बंसल जी , इंदरजीत कौर जी, सुमन लता जी एवं मंजू गौतम जी ए.बी.आर.सी. भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया और बच्चों की प्रतिभा की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, पर्यावरण, तकनीक एवं कला जैसे विषयों पर आधारित अनेक प्रोजेक्ट्स और मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर उपस्थित अभिभावक एवं अतिथि अत्यंत प्रभावित नजर आए। इसमें विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक मॉडल एवं प्रयोग मुख्य आकर्षण रहे। बच्चों ने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूकंप सुरक्षा प्रणाली, सड़क सुरक्षा, आधुनिक यातायात व्यवस्था, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम, स्वचालित मशीनें, आधुनिक सिंचाई पद्धति, डीएनए आधारित मॉडल तथा दैनिक जीवन को सरल एवं सुरक्षित बनाने वाली तकनीकों पर आधारित कई उपयोगी और प्रेरणादायक मॉडल तैयार कर उनका प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल रूप में प्रस्तुत कर अपनी समझ और कौशल का परिचय दिया। विद्यार्थियों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट्स की कार्यप्रणाली समझाते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों के सामने आत्मविश्वास के साथ अपनी जानकारी सांझा की। इस दौरान छात्रों की प्रस्तुति शैली, शोध क्षमता एवं टीमवर्क देखकर सभी ने उनकी सराहना की। प्रदर्शनी में कई विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश भी दिए, जिनमें जल बचाओ, ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छता अभियान और प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को मॉडल के माध्यम से दर्शाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल राजन दुबे जी ने विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में रिसर्च करने की आदत, टीमवर्क, क्रिएटिविटी, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रेजेंटेशन स्किल्स को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट वीक के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़ने का अवसर मिलता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही यह मंच विद्यार्थियों को भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार करता है। वहीं विद्यालय के चेयरमैन प्रदीप कुमार मड़िया जी ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स अत्यंत सराहनीय हैं। बच्चों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह सिद्ध कर दिया कि वे नई सोच और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाती है तथा उन्हें समाज के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
टोहाना से सुखदेव मलिक ब्यूरो चीफ फतेहाबाद हरियाणा