विजयराघवगढ़। औद्योगिक नगरी कैमोर से सटे विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम बम्हंगवा में स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल की पुरानी जर्जर बिल्डिंग की दीवार गिरने से कक्षा 5 वीं के छात्र राजकुमार बर्मन की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार बर्मन सुबह लगभग 11 बजे शौच के लिए स्कूल परिसर में गया था। उसी दौरान पुरानी इमारत की दीवार अचानक ढह गई और वह उसके नीचे दब गया। कुछ समय तक छात्र दबा रहा, बाद में जब एक अन्य छात्र उसे खोजते हुए वहां पहुंचा तो उसने राजकुमार को मलबे के नीचे दबा देखा। तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो से छात्र को शासकीय अस्पताल विजयराघवगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि जर्जर भवन को पहले ही हटाया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि लापरवाही के कारण एक मासूम की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता का एक वर्ष पहले बीमारी से निधन हो चुका था और उसकी मां फुल्की का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय के पास स्थित अदानी एसीसी BMG माइंस में होने वाली भारी ब्लास्टिंग से नई इमारत की दीवारों में भी दरारें पड़ चुकी हैं, जबकि पुराना भवन पहले से ही जर्जर था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब भवन की स्थिति खतरनाक थी तो उसे समय रहते हटाया क्यों नहीं गया।
इस हादसे ने शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई स्कूल भवनों की हालत दयनीय है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। अब लोग दोषियों पर कार्रवाई और जर्जर भवनों के तत्काल सर्वे व ध्वस्तीकरण की मांग कर रहे हैं।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ।