मधुबनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस समेत कई चोरी में उपयोग होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 17 फरवरी को गश्ती के दौरान ग्राम-बसैठा में कुछ संदिग्ध लोगों को भीड़ द्वारा पकड़े जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों को हिरासत में लेकर इलाज कराया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिन में इलाके की रेकी करते थे और रात में दुकानों व घरों में चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपी
रूप सिंह — थाना निगोही, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)
भोला — जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)
गोकरन — जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)
आरोपियों ने अपने गिरोह के अन्य 5 साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बरामद सामान
01 देशी कट्टा
04 जिंदा कारतूस
लोहे की छेनी, पेचकस व अन्य औजार
एल आकार का लोहे का रॉड
01 मोबाइल फोन
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इन अपराधियों पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, छिनतई, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 36 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बेनीपट्टी थाना में कांड संख्या 58/26 के तहत आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मधुबनी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
Ishwar Kumar jha Indian TV News Reporter