जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
पलेरा | । आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के सख्त निर्देशों के बाद पलेरा नगर के मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण की कार्रवाई की गई। एसडीएम जतारा संजय कुमार दुबे के मार्गदर्शन में पहुंची संयुक्त टीम ने विभिन्न दुकानों से मावे और मिठाइयों के सैंपल जब्त किए, जिससे बाजार में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
मौके पर ही सील किए गए नमूने
तहसीलदार, नायब तहसीलदार और खाद्य एवं औषधि निरीक्षक की टीम ने नगर के प्रमुख मिष्ठान भंडारों का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने संदेह के आधार पर मावा और अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
इनका कहना है:-“त्योहारों के दौरान नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। मिलावट के विरुद्ध यह अभियान पूरे क्षेत्र में निरंतर जारी रहेगा।”
प्रशासनिक टीम, पलेरा