दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
स्थानीय थाना के एसएसआई उपनिरीक्षक कुंवर सिंह का रेणुकूट चौकी प्रभारी के पद पर स्थानांतरण होने पर रविवार को कोतवाली परिसर में भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिसकर्मियों, सहकर्मियों और गणमान्य लोगों ने कुंवर सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
एसएसआई कुंवर सिंह ने दुद्धी थाने में अपनी सेवा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने ,अपराध नियंत्रण और जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके नेतृत्व में थाने ने कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं, जिनमें चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना शामिल है। समारोह के दौरान सहकर्मियों ने उनकी कुशलता, निष्ठा और सहयोगी स्वभाव की सराहना की।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने विदाई संबोधन में कहा कि कुंवर सिंह का नया स्थानांतरण पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करेगा। उन्होंने रेणुकूट चौकी में नई जिम्मेदारी निभाने की शुभकामनाएं दीं। कुंवर सिंह ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि दुद्धी थाने से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा और वे नई पोस्टिंग पर भी पूरी निष्ठा से सेवा देंगे।
समारोह में प्रभारी निरीक्षक के अलावा अन्य अधिकारी, कांस्टेबल और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विदाई के बाद एसएसआई कुंवर सिंह ने औपचारिक रूप से दुद्धी थाने से विदा ली।