बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के रहपुरा जागीर गांव में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। होली के पर्व पर अपने घर लौटे परिवार को जब मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा देखा, तो उनके होश उड़ गए।
गांव निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि वह करीब दो माह पहले रोजगार की तलाश में पूरे परिवार के साथ बाहर गए थे। होली के अवसर पर घर लौटने पर उन्हें चोरी की घटना का पता चला। घर के अंदर प्रवेश करते ही सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, जिससे साफ था कि चोरों ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया।
चोर घर से दो जंगाल, दो पीतल की परात, 14 थाली, दो चम्मच, दो लोटे, दो पीतल के बेला तथा एक बक्से में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पीड़ित परिवार ने बताया कि त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार के मौके पर हुई इस चोरी से ग्रामीणों में भी आक्रोश है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली