दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
ब्लॉक क्षेत्र के बीड़र गांव के बावनझरिया में मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया। शक के आधार पर उन्होंने तत्काल 112 पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। प्रारंभिक पूछताछ में वह कुछ बता नहीं पा रहा। पुलिस ने उसके घर-पते की जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन वह बोलने की स्थिति में नहीं लगा।पुलिस द्वारा विस्तृत पूछताछ जारी है।
यह घटना क्षेत्र में फैली बच्चा चोर गिरोह की अफवाहों की ताजा कड़ी है, जो आम जीवन को बाधित कर रही है। अब तक रेणुकूट चौकी में एक मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति, दुद्धी के रजखड़ में होली पर एक बुजुर्ग भिखारी सहित कई बेकसूर इस अफवाह के शिकार हो चुके हैं। ऐसी अफवाह फैलते ही भीड़ हिंसक हो जाती है और कानून हाथ में ले लेती है, लेकिन जांच में कहीं बच्चा चोरी का कोई केस सामने नहीं आया। थानों में एक भी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
बीड़र ग्राम प्रधान श्रवण कुमार ने बताया कि थाने जाकर पकड़े गए युवक की जानकारी ली। देखने से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही। पुलिस पूछताछ में जुटी है।
पुलिस प्रशासन ने अफवाहो से बचने के साथ ग्रामीणों से अपील की है कि संदेह होने पर तुरंत 112 पर कॉल करें या स्थानीय थाना को अवगत कराए ,स्वयं कार्रवाई न करें।