दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के महुअरिया गांव में मंगलवार शाम साढ़े छह बजे बच्चा चोर अफवाह ने फिर बेकसूर परिवार को निशाना बनाया। डुमरडीहा गांव के जमालुद्दीन अंसारी (30) अपने पिता इसराइल अंसारी के साथ बाइक पर सवार होकर मानसिक रूप से कमजोर छोटे भाई कमालुद्दीन अंसारी (22) को खोजने निकले थे। करीब 10 किलोमीटर दूर महुअरिया पहुंचते ही ग्रामीणों ने उन्हें पंचायत भवन के पास पोल पर बंधे कमालुद्दीन के साथ बच्चा चोर गिरोह समझ लिया और जमकर पिटाई कर दी।
जिसमें जमालुद्दीन को सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पिता इसराइल और भाई कमालुद्दीन को मामूली चोटें लगीं। किसी ग्रामीण द्वारा पहचान होने पर भीड़ भाग खड़ी हुई। सूचना मिलते ही पहुंचे अन्य परिजनों ने डायल 112 पुलिस और एंबुलेंस को कॉल किया। पुलिस के पहुंचने तक सभी ग्रामीण फरार हो चुके थे, कोई पकड़ में नहीं आया।
102 एंबुलेंस के ईएमटी पंकज कुमार व चालक अजीत कुमार ने घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह के पर्यवेक्षण में जमालुद्दीन का इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में क्षेत्र में अब तक कोई बच्चा चोरी का मामला दर्ज नहीं मिला।
बता दे कि यह घटना दुद्धी क्षेत्र में बच्चा चोर अफवाहों की ताजा कड़ी बनी हुई है। इससे पूर्व सुबह बीड़र गांव में एक युवक,अपराह्न बाद मल्देवा में एक महिला और अब महुअरिया में पिता-पुत्र शिकार बने। रेणुकूट व रजखड़ में भी बेकसूर पकड़े जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार थानों में अब तक कोई गुमशुदगी दर्ज नहीं है।
पुलिस ने अपील की है कि अफवाहों से बचें, संदेहास्पद व्यक्ति पर खुद कार्रवाई न करें, बल्कि तुरंत 112 पर कॉल करें।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है ।
फिलहाल बच्चा चोर अफवाह क्षेत्र में आग की तरह फैल रही है।