कटनी। शहर के रंगनाथ थाना अंतर्गत बरगवां क्षेत्र में मंगलवार की देर रात सरेराह चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुछ असामाजिक तत्वों ने मामूली कहासुनी के बाद दो सगे भाइयों सहित चार युवकों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। सभी घायलों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।
अंडे के ठेले पर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरगवां निवासी सोनू और मोनू रात के समय अपने घर के पास एक अंडे के ठेले पर खड़े थे। इसी दौरान करीब १० से १२ युवकों का झुंड वहां पहुंचा और अकारण ही गाली-गलौज करने लगें। जब सोनू और मोनू ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो हमलावरों ने तैश में आकर उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस बीच-बचाव करने आए दो अन्य स्थानीय युवक भी हमले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने संभाली स्थिति, आरोपियों की तलाश शुरू
वारदात की सूचना मिलते ही रंगनाथ थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में बढ़ती नशेबाजी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर अंकुश लगाने की मांग की है।