कैमोर – औद्योगिक नगरी कैमोर में एक बार फिर लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। कैमोर-मैहर मुख्य मार्ग पर स्थित एसीसी अदानी सीमेंट कैमोर रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरपाटन निवासी सविता सोनी अपने बेटे के साथ पारिवारिक शादी में शामिल होकर वापस घर लौट रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक एसीसी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, सड़क के बड़े गड्ढे में फंसने से बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर गईं। गिरने से महिला के सिर पर गहरी चोट आई और काफी मात्रा में खून बहने लगा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कैमोर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर होने के कारण उन्हें विजयराघवगढ़ रेफर कर दिया।
हालांकि इस दौरान एक और बड़ी लापरवाही सामने आई। गंभीर हालत में महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस की जरूरत थी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। लगभग आधे घंटे इंतजार करने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों को मजबूरी में निजी वाहन से महिला को विजयराघवगढ़ अस्पताल ले जाना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एसीसी अदानी सीमेंट प्रबंधन के सामने ही इस मार्ग पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। वहीं जरूरत के समय एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध न होना भी क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
नगरवासियों ने प्रशासन और संबंधित प्रबंधन से मांग की है कि इस मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए और आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट