केशव साहू जिला ब्यूरो
डोंगरगढ़। महिला सशक्तिकरण संघ द्वारा 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजनांदगांव स्थित डॉ. अंबेडकर सांस्कृतिक भवन में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं ब्लॉकों से बड़ी संख्या में महिलाएं और प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला सशक्तिकरण संघ भारत की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आयुष्मति प्रज्ञा बौद्ध थीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उनकी बढ़ती भूमिका और सफलता पर प्रकाश डाला तथा महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला सशक्तिकरण संघ की प्रदेश अध्यक्ष आयुष्मति पदमा मेश्राम ने संघ के गठन से लेकर अब तक की उपलब्धियों और संघर्षपूर्ण सफर को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए संगठन लगातार कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की बालिका खिलाड़ियों का भी सम्मान किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को “धम्म सेवा अवॉर्ड” एवं “नारी सशक्तिकरण अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।
डोंगरगढ़ से जाई सेंडे, नलिनी मेश्राम, ज्योति मेश्राम, मनीषा मेश्राम, ममता भोयर, किरण मेश्राम, राधिका जघेल, माधुरी मेश्राम, सुनीता सिंह, अनुपमा लाडगे, अरुणा गजभिए तथा डॉ संगीता रंगारी को उनके सामाजिक एवं विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।