उरई(जालौन):
जनप्रतिनिधियों ने 33 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए: माननीय मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रथम किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का अंतरण किया गया। इस अवसर पर जनपद जालौन में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा व सुना गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय,अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जन प्रतिनिधियों ने जनपद के 33 पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा उन्हें अपने स्वयं के पक्के आवास के निर्माण के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी गरीब परिवार बिना आवास के न रहे। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि निरंतर प्रयासरत हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जनपद में पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पारदर्शिता के साथ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित कराया जाए, ताकि लाभार्थियों को शीघ्र अपने आवास का लाभ मिल सके। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश