सहारनपुर । पुल जोगियान से राकेश सिनेमा तक आज प्रवर्तन दल ने अभियान चलाकर सड़क पर रखे चार लोहे के गेट जब्त कर लिए और दो दुकानदारों पर साढे़ सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
राकेश सिनेमा रोड पर पांवधोई से आगे स्मार्ट सिटी द्वारा ढमोला नदी पर पुल बनाया गया है, जो आगे देहरादून रोड को लिंक करेगा। उक्त नवनिर्मित पुल पर मार्किंग का कार्य किया जाना है। लेकिन वहां ग्रिल व गेट का कार्य करने वाले कुछ दुकानदारों सड़क किनारे लोहे के गेट रखकर अतिक्रमण किया गया था। प्रवर्तन दल की टीम ने आज वहां पहुंचकर सड़क पर रखे ऐसे चार गेट जब्त कर लिये और दो दुकानदारों पर साढे़ सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
प्रवर्तन दल की कार्रवाई से पूरी पटरी पर लोहे का काम करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया और उन्होंने आनन फानन में अपने गेट व ग्रिल का सामान उठाकर गोदामों में रख लिया। प्रवर्तन दल प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में सड़क पर गेट रखे पाये गए तो भारी जुर्माना और सामान जब्त किया जायेगा।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़