सहारनपुर
थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मुजफ्फरपुर (आमवाला) में स्थित देशी शराब के ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर गांव की महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि इस ठेके के कारण गांव का माहौल दिनों दिन खराब हो रहा है और छोटे-छोटे बच्चे भी नशे की लत में फंसते जा रहे हैं।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही ओमबती ने बताया कि गांव की तमाम आबादी मेहनत मजदूरी पर निर्भर है, सरकार ग्रामीणों को स्थाई रोजगार तो दे नहीं सकती लेकिन आबादी के समीप देशी शराब का ठेका खोल दिया है, जहां दिनभर मेहनत मजदूरी करने वाले लोग शाम होते ही मेहनत का पैसा शराब पीकर नशें में उड़ा रहे हैं, घर आकर महिलाओं और बच्चों के साथ गाली गलौच और मार-पीट करने लगते हैं। विगत दिनों जिलाधिकारी सहारनपुर को भी शराब का ठेका गांव से हटाकर कहीं दूर खोलने की मांग की थी, लेकिन उस पर अमल नहीं हुआ। जिसकी वजह से अब आंदोलन करने को विवश होना पड़ा। विरोध प्रदर्शन में शामिल श्रीमती ऊषा देवी ने बताया कि गांव के छोटे-छोटे बच्चे भी नशे की लत का शिकार होते जा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। वहीं रेखा ने कहा कि गांव में शराब की बिक्री पूरी तरह से बंद होनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी को नशें की लत से बचाया जा सके। कुछ महिलाओं ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं उनका कहना है कि जब भी वह विरोध प्रदर्शन करती हैं, तो थाने से आई महिला पुलिस टीम द्वारा उन्हें डराया-धमकाया जाता है और अभद्र व्यवहार किया जाता है। बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से ऊषा देवी, संगीता, रेखा देवी, कुशल, ओमवती, बालेश, मुन्नी, सलोचना सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में स्थित देशी शराब के ठेके को जल्द से जल्द हटा दिया जाए वरना बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़