कटनी कैमोर//कैमोर के खलवारा बाज़ार स्थित वार्ड क्रमांक 05 शिवनगर में तीन दिनों से लापता युवती का शव कुएं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 05 निवासी चाहत खान तीन दिनों से लापता थी। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी नानी द्वारा पहले ही थाने में दर्ज करवाई गई थी, जिसके बाद से पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई थी।
शिवनगर स्थित एक कुएं में अज्ञात युवती का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नगर परिषद की टीम की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। बाद में कपड़ों के आधार पर शव की पहचान चाहत खान के रूप में की गई।
प्राप्त सूचना अनुसार युवती की मां का साया उसके सिर से बचपन में ही उठ गया था। इसके बाद वह अपने नाना-नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी और वहीं निवास करती थी। युवती के पिता जमील खान मैहर में रहते हैं।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं ईद के त्यौहार के बीच इस दुखद घटना से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ।