रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
पोरसा|विश्व खुशहाली दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पोरसा के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मुक्तिधाम के रचनाकार डॉ. अनिल गुप्ता ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav से शिष्टाचार भेंट की। यह कार्यक्रम प्रशासनिक अधिकारी अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित हुआ, जहां कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान डॉ. गुप्ता ने पोरसा स्थित विश्वविख्यात मुक्तिधाम की विशेषताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह मुक्तिधाम चंबल संभाग का एक अनूठा और आकर्षण का केंद्र बन चुका है, जहां विभिन्न प्रकार की औषधीय पौधों, सुंदर आकृतियों, प्राकृतिक झरनों और पक्षियों के कलरव के बीच “सत्यम् शिवम् सुंदरम्” की थीम पर इसका निर्माण किया गया है।
डॉ. गुप्ता ने मुख्यमंत्री को मुक्तिधाम का अवलोकन करने के लिए पोरसा आने का आमंत्रण भी दिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि यह स्थल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि यहां आने वाले लोगों को मानसिक शांति और आनंद की अनुभूति भी होती है।
कार्यक्रम में आनंद विभाग भोपाल के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह, श्री नागाजी आनंद क्लब के जिला कोऑर्डिनेटर बालकिशन, मास्टर ट्रेनर सुधीर आचार्य सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. अनिल गुप्ता के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई और उनका सम्मान भी किया गया। उनके प्रयासों से न केवल पोरसा नगर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी प्रेरणा और आनंद की अनुभूति हो रही है।