जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
टीकमगढ़ कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा (टीएल) पत्रों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी खरीफ सीजन के दौरान जिले में उर्वरक और खाद का वितरण पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए अनिवार्य रूप से ई-वितरण प्रणाली के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण इस पोर्टल पर कराएं और उन्हें जागरूक करें ताकि वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए श्री श्रोत्रिय ने जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन और कुओं-तालाबों के गहरीकरण व मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल स्तर में सुधार के लिए वर्षा जल संचयन की प्रभावी योजना बनाकर जनभागीदारी के साथ इसका क्रियान्वयन किया जाए। इसके साथ ही घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के उपयोग, वितरण और परिवहन में शासन के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में ‘संकल्प से समाधान’ अभियान की प्रगति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि आगामी 24 मार्च को जनपद पंचायत टीकमगढ़ में विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन होगा, जहाँ प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। अंत में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण समीक्षा करते हुए सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों को बिना ठोस समाधान के बंद न किया जाए और आमजन को त्वरित राहत पहुंचाई जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख उपस्थित रहे।