उरई(जालौन):
लंबे समय से पुरानी खतौनी की समस्या का मौके पर समाधान, 07 फरियादी के चेहरे पर लौटी मुस्कान: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में तहसील माधौगढ़ के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित, गुणवत्ता पूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 07 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को टीम बनाकर उसी दिन कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान ग्राम हसुपुरा निवासी मुन्ना लाल पुत्र काशी प्रसाद की लंबे समय से लंबित खतौनी त्रुटि की समस्या को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही समाधान कराया। समस्या के निस्तारण से फरियादी के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक उठी। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, संवेदनशील एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा निस्तारित मामलों की सूचना समय पर फरियादियों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए गौशालाओं के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक गौशाला में भूसा, हरा चारा एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही कम से कम 10 कुंतल भूसा रिजर्व रखने और भूसे की जनपद से बाहर निकासी पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में कहीं भी पेयजल व बिजली की समस्या उत्पन्न न होने पाए, इसके लिए पूर्व से ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कानून व्यवस्था से संबंधित मामलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि मारपीट, आपसी रंजिश एवं अन्य आपराधिक मामलों में निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, उप जिलाधिकारी राकेश सोनी पुलिस क्षेत्राधिकारी, सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश