ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। डॉ. शांडिल यहां सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ममलीग के बशील ग्राम में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर बशील में स्वास्थ्य केन्द्र भवन का शिलान्यास किया। इस कार्य को आरंभ करने के लिए लोक निर्माण विभाग के पास 50 लाख रुपए की राशि जमा करवा दी गई है तथा भविष्य में प्राक्कलन अनुसार उचित राशि उपलब्ध करवा दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने इससे पूर्व बशील स्थित माता के मंदिर में पूजा अर्चना की तथा प्रदेश के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य तथा सुख एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर सभी को चैत्र नवरात्रि की अष्टमी और रामनवमी की शुभकामनाएं भी दी।
डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए एक ऐतिहासिक वेतन वृद्धि की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह घोषणा राज्य की प्रगति और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम सिद्ध होगा। यह घोषणा हिमाचल प्रदेश वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव में है। उन्होंने प्रदेश सरकार के इस निर्णय को राज्य के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारी (आयुष) का वेतन 50,260 रुपए से बढ़ाकर 60,780 रुपए, स्वास्थ्य अधिकारी डेंटल का वेतन 49,800 रुपए से बढ़ाकर 61,200 रुपए, फार्मासिस्ट वेतन 30,500 रुपए से बढ़ाकर 46,500 रुपए, ए.एन.एम. का वेतन 26,650 रुपए से बढ़ाकर 38,500 रुपए, आशा को-ऑर्डिनेटर का वेतन 30,775 से बढ़ाकर 45,750 रुपए, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर का वेतन 41,550 से बढ़ाकर 62,650 रुपए, डेंटल हाइजीनिस्ट का वेतन 29,000 से बढ़ाकर 42,650 रुपए, अकाउंटेंट का वेतन 39,650 से बढ़ाकर 59,750 रुपए तथा आशा वर्कर का वेतन 1000 रुपए प्रतिमाह बढ़ाया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। सरकार के यह प्रयास लोगों को बेहतर उपचार प्रदान करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से स्थाई विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ निर्णायक जंग में अब प्रत्येक नागरिक की भूमिका अहम हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने में सभी को अहम भूमिका निभानी होगी तभी हम एक स्वस्थ समाज की परिकल्पना कर सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत ममलीग के पूर्व प्रधान हरिचंद ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजीव ठाकुर, हिमाचल प्रदेश राज्य स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. गोपाल बेरी, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट गोपाल चंद शर्मा, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी सोलन डॉ. अमित रंजन तलवार, खंड स्वास्थ्य अधिकारी सायरी डॉ. अजय सिंह, लोक निर्माण विभाग कंडाघाट के सहायक अभियंता शुभम अग्रवाल, डॉ. शांडिल की सुपुत्री डॉ. रुपाली, ग्राम पंचायत ममलीग की पूर्व प्रधान द्रोपदी राठौर, रामचंद्र, रविंदर परिहार, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।