उरई(जालौन):
डीएम-एसपी ने पुलिस लाइन में वितरित की साइकिल, टॉर्च व साफा संवाद में छलका चौकीदारों का भावनात्मक जुड़ाव: चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के चौकीदारों को साइकिल, टॉर्च एवं साफा वितरित किया।जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों के साथ सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की पहली कड़ी बताते हुए उनकी भूमिका को अत्यंत महत्व पूर्ण बताया। चौकीदार न केवल सूचनाओं के वाहक हैं, बल्कि गांव की सुरक्षा व्यवस्था के मजबूत स्तंभ भी हैं, जिनकी सक्रियता से ही अपराधों की रोकथाम और शांति व्यवस्था सुनिश्चित होती है। संवाद के दौरान चौकीदारों ने अपने अनुभव साझा किए और अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि शासन स्तर से उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे और अधिक प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। पुलिस अधीक्षक ने भी चौकीदारों को सतर्क, सजग एवं सक्रिय रहते हुए अपने क्षेत्र में निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला जब चौकीदारों ने प्रशासन द्वारा मिले इस सम्मान और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कई चौकीदारों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें अपने दायित्वों के प्रति और अधिक प्रेरित करता है।जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चौकीदारों की सक्रिय भागीदारी से गांव-गांव में शांति, सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित किया जाएगा।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश