राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर में आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों राम नवमी एवं जवारे विसर्जन पर्व के अवसर पर नगर निगम प्रशासन द्वारा शुक्रवार को शहरभर में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत नागरिकों की सुविधा एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंदिरों, जुलूस मार्गों, विसर्जन घाटों तथा विभिन्न भंडारा स्थलों पर व्यापक साफ-सफाई की गई।
इस दौरान नियमित झाड़ू कार्य, कचरा संग्रहण एवं आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही आवारा मवेशियों के विचरण पर नियंत्रण हेतु हांका टीम को तैनात कर सुरक्षित आवागमन बनाए रखने के प्रयास किए गए। वही उपयुक्त शैलेश गुप्ता ने भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश विभागीय कर्मचारियों को दिए।
तीन शिफ्ट में लगाई गई ड्यूटी
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर निगम के विभागीय अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग की जाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के प्रयासों सहित जावरा विसर्जन की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा तीन शिफ्टों में प्रातः 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई।
इन स्थानों पर हुई विशेष सफाई
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जालपा मंदिर के पहुंच मार्गों, ज्वारा विसर्जन मार्गों सहित नगर के प्रमुख मंदिरों—काली माता मंदिर, खेर माता मंदिर, शारदा माता मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, विश्राम बाबा मंदिर एवं आदि शक्ति माता मंदिर—के आसपास विशेष सफाई की गई। इसके अतिरिक्त कुठला बस्ती क्षेत्र सहित अन्य मंदिर परिसरों में भी स्वच्छता कार्य किए गए। वहीं मोहन घाट, गाटर घाट, रपटा कुंड एवं शिवाजी वार्ड घाट सहित नगर के विभिन्न विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग, कीटनाशक दवा का छिड़काव, अस्थायी जलकुंड में शुद्ध जल एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की कार्यवाही की जाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने हेतु टीम तैनात की गई है।