दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कोतवाली क्षेत्र के मझौली गांव में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने ग्रामीणों को सन्न कर दिया। लगभग 35 वर्षीय सितबिया पत्नी मुन्ना पठारी निवासी मझौली टोला मंडलीमहुआ, अपने ही कच्चे मकान के बड़ेर में साड़ी के फंदे से लटकती हुई मृत मिलीं।
घर के छोटे बेटे 13 वर्षीय रवि ने सुबह मां को बड़ेर से लटकते देख चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका के सबसे छोटे पुत्र रवि गर्मी के कारण घर के बाहर चबूतरा पर सोया हुआ था, जबकि वृद्ध सास दूसरे कमरे में थीं। बच्चों की पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली से वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय सिंह टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से उतारा गया, पंचनामा भरकर पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
मृतिका के पति मुन्ना पठारी निजी अस्पताल में एम्बुलेंस चालक हैं। वे घटना के समय रघुनाथनगर, छत्तीसगढ़ गए हुए थे। फोन पर खबर मिलने पर घर लौटे। उन्होंने बताया कि हम घर पर नहीं थे ,पत्नी ने ऐसा क्यों किया यह समझ नहीं आ रहा है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस आगे जांच करेगी।
मृतिका के तीन अविवाहित पुत्र हैं। दो बड़े बेटे काम के सिलसिले में बाहर थे। पुलिस घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है।