राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर एक नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर जीआरपी (GRP) एवं मेडिकल टीम पहुंची।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह सफाई कर्मचारी एवं रेल अधिकारी प्लेटफॉर्म नंबर 5 के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर रेलवे ट्रैक किनारे पड़ी एक पोटली पर गई। संदेह होने पर जब उसे खोलकर देखा गया, तो उसमें एक अज्ञात नवजात शिशु का शव मिला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जीआरपी को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नवजात की पहचान नहीं हो सकी है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि उसे वहां कब और किसने छोड़ा।
जीआरपी थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्लेटफॉर्म नंबर 5 और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।