राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम कटनी के हजारों जलकर उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के नेतृत्व में मेयर इन काउंसिल ने जलकर पर लगने वाले चक्रवृद्धि ब्याज को समाप्त कर उसकी जगह 15 प्रतिशत साधारण ब्याज लागू करने का प्रस्ताव मंजूर कर परिषद की स्वीकृति के लिए भेज दिया है।
बैठक में जलकर व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। लंबे समय से नागरिक चक्रवृद्धि ब्याज के कारण बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर परेशान थे, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया। प्रस्ताव में बकाया जलकर पर चक्रवृद्धि ब्याज समाप्त करने के साथ-साथ हर साल अप्रैल में अग्रिम 12 माह का जलकर जमा करने पर एक माह की छूट देने का प्रावधान भी शामिल है।
इसके अलावा, एकमुश्त समाधान योजना के तहत 31 अगस्त 2026 तक बकाया राशि जमा करने पर अधिभार में 50 प्रतिशत तक की छूट देने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इस फैसले से नगर निगम के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि यह निर्णय जनभावनाओं के अनुरूप लिया गया है और अन्य नगर निगमों के नियमों का अध्ययन करने के बाद प्रस्ताव तैयार किया गया है। परिषद से अंतिम स्वीकृति मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेन्द्र अहिरवार, जय नारायण निषाद, बीना संजू बैनर्जी, सुमन राजू माखीजा और तुलसा गुलाब बेन सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
जल प्रदाय समिति के प्रभारी उमेन्द्र अहिरवार ने बताया कि वर्ष 2013 में लिए गए निर्णय और वर्तमान में नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।