राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम में आयोजित महापौर जनसुनवाई अब महज शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि यह प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता का मजबूत मंच बनती जा रही है। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं सीधे महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान कुल 28 आवेदनों पर सुनवाई की गई। इनमें पेयजल संकट, जलभराव, सड़कों की मरम्मत, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। महापौर ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिससे समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू हो सकी। कुछ प्रकरणों में तत्काल निर्णय लेकर नागरिकों को राहत भी प्रदान की गई।
महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का निराकरण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए और अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट बढ़ाने और नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया।
महापौर ने कहा कि जनसुनवाई केवल समस्याएं सुनने का मंच नहीं, बल्कि प्रशासन के कार्यों के मूल्यांकन की एक सतत प्रक्रिया है। लगातार आयोजित हो रही जनसुनवाई से प्रशासनिक तंत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता को नई दिशा मिल रही है, जिससे नागरिकों का भरोसा भी लगातार मजबूत हो रहा है।