राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम कसने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने मंगलवार को कटनी–उमरिया रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
अभियान के दौरान कुल 48 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 11 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। जांच में सामने आया कि कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर संचालित हो रहे थे। जब्त किए गए वाहनों में गिट्टी, रेत, बॉक्साइट, मुरम और कोयला परिवहन करने वाले वाहन शामिल हैं, जो ओवरलोडिंग और बिना वैध परमिट के चल रहे थे।
इसके अलावा एक वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाया गया। सभी दोषी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें थाना कुठला और थाना बड़वारा में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने साथ परमिट, फिटनेस, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे आवश्यक दस्तावेज रखें और निर्धारित मानकों का पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।