राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में गुटखा और पान मसाला की कीमतों को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूल रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दुकानों पर एमआरपी से ज्यादा दाम लेकर गुटखा और पान मसाला बेचा जा रहा है। वहीं छोटे-मोटे दुकानदारों का तर्क है कि उन्हें खुद थोक में महंगे दाम पर सामान मिल रहा है, जिसके चलते वे भी ऊंची कीमत पर बेचने को मजबूर हैं।
दुकानदारों के अनुसार सप्लाई चेन में ही कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, जिससे खुदरा विक्रेताओं के पास विकल्प सीमित रह जाता है। हालांकि इस पूरे मामले में आम उपभोक्ता सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।
गौरतलब है कि तंबाकू उत्पादों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करना नियमों का उल्लंघन है, इसके बावजूद शहर में यह सिलसिला लगातार जारी है।
शहरवासियों का आरोप है कि इस तरह की मनमानी वसूली पर रोक लगाने के लिए न तो खाद्य एवं औषधि विभाग और न ही प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है, जिससे व्यापारियों के हौसले बुलंद हैं।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कब तक कार्रवाई करता है और आम जनता को इस मनमानी से राहत मिल पाती है या नहीं।।