राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर बड़वारा में विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रमोद चतुर्वेदी ने बुधवार को तहसील सभाकक्ष में बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में पेयजल, एचपीवी वैक्सीनेशन, ई-गवर्नेंस और राजस्व प्रकरणों सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
पेयजल व्यवस्था प्राथमिकता में
एसडीएम ने पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए पीएचई विभाग को सभी खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत और नल-जल योजनाओं के सुचारू संचालन के निर्देश दिए। वहीं जनपद पंचायत और राजस्व अमले को जरूरत वाले गांवों में टैंकर से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। नए नलकूप खनन पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने और आवश्यकता पड़ने पर निजी बोर अधिग्रहण करने के निर्देश भी दिए गए।
वैक्सीनेशन में लापरवाही पर नाराजगी
एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी की बिना सूचना अनुपस्थिति पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने 14-15 वर्ष की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा और महिला बाल विकास विभाग के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए।
ई-गवर्नेंस और राजस्व मामलों पर फोकस
ई-विकास पोर्टल के बेहतर संचालन के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करने को कहा गया। ई-उपार्जन में किसानों के पुनः सत्यापन की जिम्मेदारी तहसीलदार को सौंपी गई। फार्मर रजिस्ट्री में धीमी प्रगति पर तीन पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। लंबित सीमांकन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी जोर दिया गया।
खाद्यान्न और गैस वितरण पर सख्ती
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को एलपीजी और राशन वितरण पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में तहसीलदार ऋषि गौतम, सीईओ जनपद पंचायत प्रभावती तेकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी समय सीमा में लक्ष्य की पूर्ती सुनिश्चित करें और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाती