राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक आमजन के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार नगर निगम इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहा। शहर के विभिन्न वार्डों और कॉलोनियों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि सुबह-शाम टहलना तो दूर, बच्चों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। लेकिन इसके बावजूद नगर निगम द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो कुत्तों को पकड़ने की मुहिम चलाई जा रही है और न ही नसबंदी या टीकाकरण जैसे जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए नियमित अभियान, नसबंदी और टीकाकरण बेहद जरूरी है। साथ ही कचरा प्रबंधन में सुधार कर भी इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
अब देखना होगा कि नगर निगम कब इस गंभीर समस्या पर ध्यान देता है और शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाता है।