राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी ने बुधवार को कटनी की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादन क्षमता, तकनीकी उन्नयन, रोजगार सृजन और सुरक्षा मानकों का बारीकी से जायजा लिया तथा उद्योग संचालकों से निर्यात संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान एवं प्रबंधक राजेश पटेल भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले के उद्योग केवल उत्पादन तक सीमित न रहकर गुणवत्ता, ब्रांडिंग और नवाचार के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाएं।
स्थानीय से वैश्विक की ओर कदम
कलेक्टर का दौरा ग्राम इमलिया स्थित मेसर्स राधे ट्रेडर्स से शुरू हुआ। नमकीन एवं प्राइम्स उत्पाद बनाने वाली इस इकाई में लगभग 2.50 करोड़ रुपये का निवेश है और यहां 15 लोगों को रोजगार मिल रहा है। कलेक्टर ने उत्पादन प्रक्रिया, कच्चे माल की उपलब्धता और विक्रय नेटवर्क की जानकारी लेते हुए स्थानीय मंडियों से खरीदी को बढ़ावा देने की सलाह दी। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन और अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। एमएसएमई प्रोत्साहन योजना 2025 के तहत 40 प्रतिशत अनुदान प्राप्त इस इकाई की आधुनिक तकनीकों की उन्होंने सराहना की।
महिला सशक्तिकरण और निर्यात की मिसाल
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम पड़ुआ स्थित मेसर्स सुखसागर फूड प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। लगभग 4 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह महिला संचालित राइस मिल तकनीकी उन्नयन का उत्कृष्ट उदाहरण है। एमएसएमई योजना के तहत 48 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्राप्त इस इकाई में 24 लोगों को रोजगार मिला है।
यहां उत्पादित पराबोइल्ड और सीएमआर राइस का निर्यात अमेरिका, खाड़ी देशों और अफ्रीका तक किया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्यात प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही इकाई में स्थापित सोलर प्लांट को लागत में कमी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने इस दौरान उद्योग संचालकों से राज्य की औद्योगिक नीति और भविष्य की संभावनाओं पर भी संवाद किया, तथा उद्योगों को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाने पर जोर दिया।