कटनी। जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतते हुए ढीमरखेड़ा पुलिस ने बिना अनुमति नलकूप खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से बोरिंग मशीन सहित दो ट्रकों को जब्त कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी (स्लीमनाबाद) श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में 10 अप्रैल 2026 को यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ा में बिना अनुमति रोटरी बोर मशीन से नलकूप खनन किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि एक 10 चक्का ट्रक (अशोक लीलैंड) में बोरिंग मशीन लगाकर खनन कार्य किया जा रहा था, जबकि पास में एक अन्य सपोर्ट ट्रक खड़ा था।
मौके पर मौजूद चालक प्रिया स्वामी (40 वर्ष), निवासी तमिलनाडु से जब खनन की वैध अनुमति के दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। जिला मजिस्ट्रेट कटनी के आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 223, 3(5) बीएनएस तथा मध्यप्रदेश पेयजल परीक्षण अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 9 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सहायक उपनिरीक्षक विजयेन्द्र कुमार तिवारी, प्रधान आरक्षक मनोज ठाकुर, आरक्षक रंजीत गंधर्व सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।