राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। आगामी पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा जिले में विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस दौरान छठवीं वाहिनी जबलपुर के पुलिस बैंड दल ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण करते हुए मिशन चौक में आकर्षक प्रस्तुति दी।
पुलिस बैंड की मधुर धुनों ने आमजन और युवाओं का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने युवाओं को पुलिस सेवा में शामिल होने के लिए प्रेरित करते हुए भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, शारीरिक मापदंड एवं आवेदन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
इस अभिनव पहल को नागरिकों और युवाओं का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला। बड़ी संख्या में लोग अभियान से जुड़कर पुलिस भर्ती के प्रति जागरूक हुए।
पुलिस विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक योग्य एवं इच्छुक युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे देश सेवा के इस गौरवपूर्ण अवसर का लाभ उठा सकें।
पुलिस प्रशासन ने सभी युवाओं से अपील की है कि वे भर्ती से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और निर्धारित समयावधि में आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।